नरेंद्र मोदी और मनमोहन सिंह के बीच में जम कर बातों के तीर चले। जानकर आश्चर्य होगा कि, कहीं और नहीं लखनऊ महोत्सव के सांस्कृतिक पंडाल में शनिवार की शाम।
आप पूछेंगे कि क्या मजाक करते हैं, वह यहां कहां आए। अरे जब स्टैंडअप कॉमेडी की पहचान बन चुके सुनील पाल मंच पर हो तो मोदी, मनमोहन और लालू तो खुद ब खुद आ ही गए।
यहां मनमोहन सिंह ने साफ कहा कि, अगर पंजाब के भगत सिंह क्रांतिकारी थे, तो मैं भी शांतिकारी हूं। दूसरी ओर मोदी साफ कहते हैं कि, भारत की कड़की की बात पुरानी है, इनसे पूछा पीछे खड़े आडवाणी हैं, हमको तो बस पीएम की कुर्सी पानी है।
इन दोनों की लड़ाई के बीच में लालू आते हैं और कहते हैं कि, अगर साधू के कहने से देश का प्रधानमंत्री बन सकता हैं, तो फिर तो केवल मेरा ही नंबर है। क्योंकि मेरा साला साधू है।
नेता जी मुलायम सिंह यादव जिनकी पूरी बातचीत में केवल एक बात समझ में आई कि, सात साल से देश का हाल बुरा है।
सुनील पॉल आज की स्टार नाइट में छा गए। यहां सांस्कृतिक पंडाल में मौजूद हजारों दर्शकों की तालियां उनके पूरे कार्यक्रम के दौरान बजती रही।
भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, मनमोहन, लालू, मोदी, यूपी के भइया, सलमान खान और शाहरुख खान उनके खास निशाने पर रहे।