सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत स्थित बहबल टोला पश्चिम शाही पुल के पास भूषण मशीनरी स्टोर में सोमवार की सुबह सात बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग ने बगल की जायसवाल मशीनरी स्टोर पाइप एवं वाटर टैंक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
भूषण मशीनरी स्टोर की दुकान के नीचे बने लंबे चौडे़ बेसमेंट में रखी पलास्टिक की पाइपें, सैकड़ो की संख्या में वाटर टैंक, दर्जनों जनरेटर, दर्जनों पंपिंग सेट, कई कुंतल डिलीवरी पाइप, सैकड़ों लीटर मोबिल, एक पिकप गाड़ी, एक बोलेरो गाड़ी और दुकान में रखा पूरा सामान धूं धूं कर जल गया। बेसमेंट की छत को तोड़कर पानी की बौछार की गई। जेसीबी बुलाकर दुकान को तोड़कर पानी की बौछार की गई।
सूचना पर सुल्तानपुर जिले से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगवाई गई पर जब आग पर काबू न पाया जा सका तो अधिकारियों को फोन किया गया। अंबेडकरनगर से चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला जिससे आग पर काबू पा लिया गया।