लखनऊ के कृष्णानगर थानाक्षेत्र में सराफा चौकी के सामने बुजुर्ग ऑटो चालक चंद्रप्रकाश को पीटने वाले दरोगा अशोक शर्मा को पुलिस ने शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। आरोपी दरोगा मानकनगर में तैनात है।
क्षेत्राधिकारी कृष्णानगर अमित कुमार राय के मुताबिक, आरोपी दरोगा ने पराग डेयरी के पास रहने वाले चंद्रप्रकाश को बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस चौकी के सामने जमकर पीटा था और पैर पकड़वाए थे।
दरोगा की करतूत चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। देर रात पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फुटेज खंगाले। एक जगह बाइक का नंबर मिला तो दरोगा की पहचान मानकनगर में तैनात अशोक शर्मा के रुप में हुई।
शुक्रवार शाम दरोगा को मानकनगर इलाके से हिरासत में लिया गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने दरोगा को निलंबित कर दिया। वहीं, देर शाम को पुलिस ने कागजी कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को जेल भेज दिया।