लखनऊ। सरोजनीनगर के अमौसी वीआईपी मोड़ पर उल्टी दिशा में स्कूटी चला रहे युवक ने ट्रैफिक दरोगा से अभद्रता की। उसने कई लोगों को बुलाकर हंगामा किया और ट्रैफिक कर्मियों से धक्का-मुक्की की। ट्रैफिक दरोगा ने दो नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में 26 मई को एफआईआर दर्ज कराई है।
ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात दरोगा उमेश कुमार के अनुसार, 25 मई को उल्टी दिशा में आ रहे स्कूटी सवार को रोका था। वह चालान के लिए स्कूटी की फोटो खींचने लगे। इस पर स्कूटी सवार भड़क गया। उसने अपना नाम मुजम्मिल और साथी का नाम आसिफ बताया। स्कूटी सवार के साथ एक महिला भी थी। आरोपी ने महिला की चोट का हवाला देते हुए दरोगा का ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोपी ने फोन कर 20 से 25 लोगों को मौके पर बुला लिया। भीड़ ने दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की। दरोगा ने कृष्णानगर में तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर को सूचना दी। इसके बाद आरोपी भाग निकले। दरोगा ने 26 मई को मुजम्मिल, आसिफ और 25 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।