लखनऊ। समाधान दिवस में निगोहां थाने पहुंचीं आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने हल्का नम्बर चार के दरोगा अरविंद कुमार के अनुपस्थित न होने पर निलंबित करने का आदेश दिया। हरे पेड़ों की कटान में लिखित शिकायत के बाद भी प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह द्वारा मुकदमा न दर्ज किए जाने पर कड़ी फटकार लगाई और केस दर्ज करने का आदेश दिया। इस दौरान केवल दो मामले आए जिसमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया जबकि दूसरे मामले में रविवार को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर मौके पर जाकर निस्तारण का निर्देश दिया।
आईजी ने मौके पर मौजू्द एसपी ह्रदेश कुमार व सीओ को आईजीआरएस, समाधान दिवस सहित दर्ज सभी शिकायतों का दो दिन में निस्तारण कराकर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए। वहीं महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान शिकायतों का गुणवतापरक निस्तारण किए जाने पर आईजी ने डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल मनीषा व सुनहरी की सराहना कर उन्हें पुरस्कृत किए जाने को कहा।
आईजी ने थाने के अभिलेखों को भी चेक किया। थाने के शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, हवालात आदि को देखा। त्यौहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर के रखरखाव एवं उसमें अंकित की जाने वाली प्रविष्टियों को भी चेक किया। साथ ही सीओ निगोहां सैयद नईमुल हसन से क्षेत्र के महत्वपूर्ण बिंदुओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान थाने के टॉप टेन अपराधियों की समीक्षा भी की।
आईजी ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ग्राम पंचायत के चुनाव में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भी लिस्ट बनाई जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी अराजक तत्व चुनाव के माहौल को बिगाड़ न सके। यदि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज है, तो उस पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।