डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय
काकोरी। मोहान रोड स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर दिव्यांग छात्रों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। सेमेस्टर परीक्षा शुरू कराने, छात्रावास की नई नियमावली लागू करने, दृष्टिबाधित छात्रों के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था, गेट नंबर-2 का निर्माण, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने सहित कई मांगें उठाईं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की तीन छात्राओं ने परिसर में दिव्यांगता से संबंधित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
यूजीसी के नियमों के अनुसार 90 शैक्षणिक दिन पूरे होने के बाद ही सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जानी चाहिए। जब तक शैक्षणिक सत्र नियमित नहीं हो जाता, तब तक मिड सेमेस्टर परीक्षाएं मुख्य परीक्षाओं के साथ ही आयोजित की जाएं। आरोप लगाया कि कुलपति डाॅ. संजय सिंह ने अपने दो साल के कार्यकाल में अब तक छात्रों से मुलाकात नहीं की है। दोपहर में प्राक्टर सीके दीक्षित ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। शुक्रवार को कुलपति से मुलाकात कराने का भरोसा दिलाया। लेकिन छात्र कुलपति से सीधी वार्ता की मांग पर अड़े रहे और गेट बंद रखकर प्रदर्शन जारी रखा।