लखनऊ। देश में परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल को बढ़ावा देने व इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी (आईएनएस) की ओर से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थी परमाणु वैज्ञानिकों से संवाद करेंगे। शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस व पायनियर मांटेसरी स्कूल एल्डिको ब्रांच में बुधवार से दो दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम होगा।
प्रेस क्लब में मंगलवार को प्रेसवार्ता में आईएनएस के वरिष्ठ सदस्य डॉ. ऋषिकेश मिश्रा और एके सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम छात्रों के लिए फायदेमंद होगा। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योजना सिंह, अमृतेश श्रीवास्तव, विकास कुमार, पी राय, डॉ. सत्यवती देसवाल संवाद करेंगी।