छह दिन से रात-दिन धरना। ट्विटर पर पीएम, केंद्रीय मंत्रियों समेत नेताओं से गुहार। यही नहीं टॉर्च मार्च भी निकाला। पिछले छह दिनों से उत्पीड़न समेत कई शिकायतों को लेकर धरना दे रे डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के छात्रों का रूटीन बदल गया है। पर, अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने को लेकर छात्र मायूस हैं।
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के धरना दे रहे छात्र गेट पर डटे हुए हैं। कक्षाएं पूरी तरह ठप हैं। छात्रों का आरोप है कि वीसी डॉ. गुरदीप सिंह न तो उनसे मिलते हैं और न ही बदइंतजामियों को दूर करने को लेकर कोई ठोस आश्वासन देते हैं। छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार रात टॉर्च मार्च निकाला। सभी छात्र अपने मोबाइल का टॉर्च ऑन कर विवि परिसर से लेकर आशियाना चौराहे तक मार्च में शामिल हुए।
इस दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन विरोधी नारे लगाए और शासन से इस सबंध में कार्रवाई करने की मांग की। मार्च खत्म करने के बाद छात्र वापस आकर परिसर में धरने पर बैठ गए। छात्रों ने सीएम और डिप्टी सीएम से वार्ता के लिए समय मांगा है। रविवार को वे डिप्टी सीएम से मिलकर अपनी मांग रखेंगे।
सोशल साइट पर भी संभाला मोर्चा
छात्रों ने सीएम से लेकर पीएम समेत सभी प्रमुख नेताओं को ट्वीट कर मामले की जांच कराने की मांग की। सीएम और पीएम के अलावा छात्र गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, प्रकाश जावड़ेकर, किरन बेदी, डिप्टी सीम दिनेश शर्मा समेत अन्य नेताओं को ट्वीट किया। यहां तक कि कुछ छात्रों ने अन्य पार्टी के नेताओं मसलन शशि थरूर, कुमार विश्वास समेत बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार तक को भी अपनी मांगों से अवगत कराया है।