फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंटीग्रल यूनिवर्सिटी व आईईटी के छात्रों ने ऑफलाइन परीक्षा के विरोध में किया प्रदर्शन, पुलिस ने खदेड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी के विश्वविद्यालयों में ऑफलाइन परीक्षाओं का विरोध मुखर होता जा रहा है। रविवार को छुट्टी के बाद भी दो जगह विद्यार्थी इसके लिए सड़क पर उतरे। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने खदेड़ा। हालांकि, छात्रों का आरोप है कि उन्हें पीटा गया। वहीं आईईटी में भी छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की आधी सेमेस्टर परीक्षाएं हो चुकी हैं और आधी बाकी हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए छात्र परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की मांग कर रहे हैं। यहां कोरोना के कुछ केस भी निकले हैं। परीक्षाएं स्थगित करने के लिए रविवार शाम विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जबरिया हटाया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र साहू ने कहा कि ऑनलाइन परीक्षा के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों को खदेड़ा गया है। किसी के साथ मारपीट नहीं हुई। रजिस्ट्रार मो. हारिश सिद्दीकी ने कहा कि कुछ छात्र परीक्षा का विरोध कर रहे हैं। एक सप्ताह की परीक्षाएं ही बची हैं, जिन्हें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।
दूसरी तरफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में बीटेक के छात्रों ने देर शाम परीक्षाएं स्थगित करने व ऑनलाइन कराने के लिए धरना-प्रदर्शन किया। काफी छात्र एक साथ हॉस्टल से निकले और प्रशासनिक भवन के पास धरना दिया। उनकी मांग कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार से प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षा स्थगित करने की थी। एकेटीयू कुलपति व आईईटी निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि छात्रों की मांग पर तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा टालने का निर्णय लिया गया है। उनकी परीक्षा पहले व दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों के साथ होगी। वहीं फाइनल की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार से होंगी।
विज्ञापन

एसआरएमयू ने एक सप्ताह स्थगित की परीक्षा
श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में भी ऑनलाइन परीक्षा कराने या परीक्षा स्थगित कराने के लिए छात्र कई दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच एक अन्य शिक्षिका के पॉजिटिव होने की जानकारी मिली है। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार से प्रस्तावित परीक्षा को एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया है। प्रति कुलपति प्रो. अजय प्रकाश ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक सप्ताह परीक्षाएं टाली गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें