लखनऊ विश्वविद्यालय के विद्यार्थी किसी भी प्रकार की समस्या की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराकर समाधान पा सकते हैं। पिछले तीन वर्षों से कागज पर चल रही ऑनलाइन रिड्रेसल की व्यवस्था अब शुरू की गई है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पूनम टंडन को ऑनलाइन रिड्रेसल की जिम्मेदारी दी गई है।
विवि की वेबसाइट पर यूनिवर्सिटी डाटा रिसोर्स सेंटर के पोर्टल पर दर्ज शिकायत सीधे अधिष्ठाता छात्र कल्याण के पास आएगी। वह संबंधित व्यक्ति के पास भेजकर समस्या दूर कराना सुनिश्चित करेंगी। लविवि ने जनवरी 2018 में ऑनलाइन ग्रिवांस पोर्टल की शुरुआत की थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए पोर्टल तो जारी कर दिया लेकिन यह कैसे काम करेगा, इसकी कोई व्यवस्था नहीं बनाई। इसका प्रचार-प्रसार भी नहीं किया गया। यहां तक कि यह भी तय नहीं किया गया कि ग्रिवांस किसकी देखरेख में होगा। इसका नतीजा यह हुआ कि कुछ विद्यार्थियों ने ही इस पर शिकायत दर्ज कराई।
समस्या का समाधान न होने पर पढ़ाई छोड़कर वे कार्यालयों के चक्कर लगाने लगे। विवि ने अब जाकर ऑनलाइन ग्रिवांस के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण को अधिकृत किया है। उनकी देखरेख में ही समस्या का समाधान किया जाएगा।