लखनऊ। परीक्षा से देने जा रहे बीए के छात्र शाहबाज हुसैन (26) की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई गई। जोरदार टक्कर से हेलमेट टूट गया और सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
बाराबंकी के फतेहपुर निवासी शाहबाज हुसैन ठाकुरगंज के नेपियर कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। वह आईआईएम रोड स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती यूनिवर्सिटी से बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहे थे। उनके भाई आकिब ने बताया कि शाहबाज रविवार को यूनिवर्सिटी परीक्षा देने के लिए बाइक से जा रहा था। गऊघाट के पास आगे जा रहे वाहन को बचाने में उसने ब्रेक लगा दी, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हेलमेट पहने शाहबाज का सिर डिवाइडर से टकराया और हेलमेट टूट गया। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। उनके पास से मिले यूनिवर्सिटी की आईडी से पुलिस ने विवि प्रशासन और परिजनों को खबर दी।
दोस्तों के साथ रात में मनाया था जन्मदिन
शाहबाज की मौत की खबर घर पहुंची तो परिजनों में चीत्कार मच गई। उनके परिवार में पिता अनवर हुसैन चिकन कपड़े के कारोबारी हैं। पिता के अलावा मां नाजमा और तीन भाई हैं। आकिब ने बताया कि 27 दिसंबर को शाहबाज का जन्मदिन था। उसने रूम में दोस्तों के साथ बर्थडे की पार्टी भी की थी। घरवालों का कहना है कि शाहबाज पढ़ाई में होनहार था।