यूपी के सुल्तानपुर के एक स्कूल में अध्यापकों द्वारा एक वहशी कारनामा किया गया। शहर के केएनआईसीई विद्यालय के एक छात्र की शिक्षक ने न सिर्फ डंडे से पिटाई की बल्कि उसे कार्यालय में एक अन्य शिक्षक की मदद से बंधक बनाए रखा।
पीड़ित छात्र के पिता ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जिस पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के शाहगंज निवासी गया प्रसाद अग्रहरि का बेटा तनिष्क अग्रहरि शहर के केएनआईसीई विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र है। सोमवार को तनिष्क विद्यालय पढ़ने गया था। विद्यालय में पांचवां घंटा चल रहा था।
क्लास रूम में मौजूद शिक्षक मनोज ने तनिष्क को कुर्सी पर खड़ा कराकर थप्पड़ और डंडे से पिटाई शुरू कर दी। शिक्षक का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। तनिष्क को क्लाम रूम से खींचकर अपने कार्यालय में ले गए और शिक्षक प्रवीन के सहयोग से उसे बंधक बना लिया।