लखनऊ में गोमतीनगर के विनयखंड-1 निवासी कमला देवी के पोते अमित वर्मा (13) ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। वह 9वीं का छात्र था। परिवारीजनों के मुताबिक वह परीक्षा को लेकर काफी दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था। छुट्टी में दादी के पास रहने के लिए आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने भेजवाया।
प्रभारी निरीक्षक अमित दुबे के मुताबिक मूलरूप से बाराबंकी निवासी बृजेश वर्मा पत्नी व बेटे अमित के साथ रहते हैं। बेटा बाराबंकी के सरकारी स्कूल से 9वीं का छात्र था। अमित रविवार को छुट्टी होने के कारण गोमतीनगर दादी कमला देवी के पास आया था। मंगलवार सुबह बृजेश बेटे को लेने पहुंचे।
वह उसे लेकर बाराबंकी जाने वाले थे। बृजेश ने अमित के बारे में पूछताछ की। कमला देवी ने बताया कि वह कमरे में सो रहा है। काफी देर बीतने के बाद भी अमित बाहर नहीं निकला तो बृजेश कमरे में पहुंचे। जहां अमित का शव छत में लगे पंखे के कुंडे से दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। बेटे का शव देख पिता के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी ।