लखनऊ। गोमतीनगर में हुसैड़िया स्थित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के 11वीं के छात्र मो. ताहा पर किशोर व उसके साथियों ने लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने किशोर व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उजरियांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर जावेद अहमद ने बताया कि बेटे ताहा का मंगलवार को स्कूल में कक्षा सात के छात्र से विवाद हुआ था। ताहा ने शिक्षक से इसकी शिकायत भी की थी। बुधवार दोपहर ताहा छुट्टी के बाद स्कूल के गेट से निकला तो कक्षा सात में पढ़ने वाला छात्र साथियों के साथ बाइक से लाठी-डंडे व रॉड लेकर पहुंचा और सभी गाली-गलौज करने लगे।
ताहा ने विरोध किया तो उसके सिर पर डंडे व रॉड से हमला कर दिया। भीड़ ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।