मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को उचित मूल्य पर दाल व सब्जियां उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कृषि उत्पादन आयुक्त को यह सुनिश्चित कराने को कहा है कि किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिले।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मूल्य समर्थन योजना के तहत किसानों से धान और मक्का की खरीद हो रही है। यह सुनिश्चित कराएं कि किसानों को एमएसपी का लाभ अवश्य मिले। आढ़ती और बिचौलिए किसी भी दशा में किसानों का शोषण न करने पाएं। ऐसा करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में किसानों को मूंगफंली की फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।