प्रतापगढ़ व आसपास के जिलों में आतंक का पर्याय बने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश तौकीर को एसटीएफ ने बुधवार रात प्रतापगढ़ में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए बदमाश के पास से एक देसी कार्बाइन, दो पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद हुए। तौकीर का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
प्रतापगढ़ की नगर कोतवाली क्षेत्र के आजादनगर मोहल्ले में रहने वाले तौकीर के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, हत्या की कोशिश आदि संगीन अपराधों में कई मुकदमे दर्ज थे। प्रतापगढ़ के कई व्यापारियों से वह वसूली कर चुका था और कई को उसने इसके लिए धमकी भी दी हुई थी।
इस काम में उसके साथ उसके गैंग के सदस्य अतीक, अंसार, हसनउल्ला, आमिर, कलाम, जैद, मोहम्मद कासिम, बाबू व अन्य शामिल थे। उसके खिलाफ बैंक डकैती व एक बंदीरक्षक की हत्या का भी आरोप था।