एसटीएफ ने सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार देर शाम मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार करके मलिहाबाद इलाके में चालक-क्लीनर को पेड़ से बांधकर लूटा ट्रक व सेब बरामद किए हैं।
गिरोह के सरगना ने खुद को बसपा नेता बताकर टीम को अर्दब में लेने की कोशिश की। बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एसयूवी व असलहे बरामद हुए हैं। दो फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
एसटीएफ के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि रहीमाबाद इलाके में मंगलवार रात चालक व क्लीनर को पेड़ से बांधकर 12 लाख की कीमत के सेबों से लदे ट्रक लूटकर भागे बदमाशों को सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थाने के गांव सैफुल्लागंज स्थित एक बाग में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।
हत्थे चढ़े बदमाशों में सुल्तानपुर के धम्मोर थाने के गांव लौहर दक्षिण बहलोलपुर निवासी उदय कुमार उर्फ ऊदल कोरी, उर्फ पहलवान, कुड़वार थाने के गांव बधुवाकलां निवासी सोनू उर्फ सुरेश कोरी, दिलीप कुमार, कोतवाली देहात के गांव सरायचल पखरौली निवासी पिंटू उर्फ जयभीम और मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना थाने के गांव कराह मोहम्मदाबाद निवासी सोनू केसरी शामिल हैं। उनके कब्जे से अवैध रिवॉल्वर, तमंचा, दो ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, पांच सेलफोन, वारदात में इस्तेमाल टाटा सफारी, लूटा ट्रक व सेब बरामद हुए। दो बदमाश पिंटू व अर्जुन अभी फरार हैं।
एक नहीं दो ट्रक लूटे थे बदमाशों ने
हत्थे चढ़े बदमाशों ने कुबूला कि वह माल से लदा ट्रक लूटने की तैयारी से मंगलवार रात टाटा सफारी पर सवार होकर हाईवे पर निकले थे। रहीमाबाद में सुनसान जगह सड़क पर कीलें गाड़ीं और दो बदमाश झाड़ियों में छिपकर बैठ गए, जबकि अन्य कुछ दूरी पर गाड़ी में इंतजार कर रहे थे।
रात करीब 11:30 बजे एक ट्रक पंचर हुआ लेकिन, वह खाली था। पहिया बदलने के बाद चालक व क्लीनर पर तमंचा तानकर तलाशी ली और 11 हजार रुपये लूटकर उन्हें चलता कर दिया। कुछ देर बाद सेब से लदा ट्रक गुजरा। उसके पिछले दो पहिये पंक्चर हुए।
चालक-क्लीनर को नहीं दिखी एसयूवी
साजिश से बेखबर मो. उमर ट्रक दौड़ाए चला जा रहा था। रहीमाबाद पेट्रोलपंप के पास ट्रक के लहराने पर रोका। जैक लगाने के दौरान झाड़ियों में छिपे दोनों बदमाश मददगार बनकर पहुंचे। एसयूवी में बैठे बदमाश उन पर नजर रखे थे।
पहिया बदलने का इशारा मिलने पर चार बदमाश आ धमके। काफी दूर खड़ी एसयूवी उमर व नसरू को नजर नहीं आई। बदमाशों ने दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए सड़क किनारे बाग में ले जाकर पेड़ से बांधा।
गोदाम में रखा था लूटा माल
उदय कोरी ने कुबूला कि लूटे ट्रक को अमेठी के कमरौली स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में अपने दोस्त आशु लाला के गोदाम में ले जाकर खाली किया। ट्रक सुल्तानपुर के सैफुल्लागंज स्थित बाग में खड़ा किया था। लूटे सेबों के साथ ट्रक के भी ग्राहक तलाश कर रहे थे। एसटीएफ की टीम ने गोदाम में सुरक्षित रखे सेब भी बरामद कर लिए।
सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस कर दबोचा
मलिहाबाद पुलिस व क्राइम बांच के साथ एसटीएफ ने भी बदमाशों की तलाश शुरू की। वारदात वाले स्थान पर मंगलवार रात से भोर तक सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों का ब्यौरा एकत्र किया। उसमें से ऐसे नंबरों की सूची बनाई जो 3:15 से 4 बजे मौके से काफी दूर पहुंचे हों और घटनास्थल पर मौजूद नंबर पर कॉल की गई हो। इसी तरह टॉल प्लॉजा व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
खुद को बसपा नेता बताने लगा सरगना
गिरोह के सरगना उदय कुमार कोरी उर्फ ऊदल ने खुद को बसपा का इलाकाई नेता बताकर एसटीएफ की टीम को अर्दब में लेने की कोशिश की। एसआई संदीप मिश्रा को बताया कि प्रधानी व जिला पंचायत चुनाव लड़ चुका है।
वारदात का शिकार बने मो. उमर व नसरू ने पुलिस को जानकारी दी थी कि बाद में मौके पर आए चार-पांच बदमाशों का हुलिया पुलिसकर्मियों जैसा था। एसटीएफ की टीम ने पुलिस अधिकारियों को व्हाट्सएप से फोटो भेजे। उमर व नसरू ने बदमाशों को पहचान लिया।