एसएसपी कलानिधि नैथानी रविवार शाम अचानक मलिहाबाद थाने जा पहुंचे। यहां मौजूद एसआई संजय कुमार से किए गए कार्य के बारे गहन पूछताछ की। जवाब से असंतुष्ट एसएसपी ने एसआई को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद एसएसपी ने थाने में मौजूद दरोगा व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मीटिंग कर क्षेत्र की समस्याओं और कामकाज का ब्योरा लिया।
बताते चलें कि एसएसपी पिछले काफी समय से थानों के औचक निरीक्षण में लगे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने राजधानी में कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात को देखते हुए रात करीब एक बजे शहर के कई थानों का अचानक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई चौकी इंचार्ज ड्यूटी से नदारद मिले थे।
इनके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ थाना अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक को अपने थाने के अधिकारियों को सूचित नहीं करने व शिथिल पर्यवेक्षण के चलते लाइन हाजिर कर उन्हें पैदल ही अलीगंज थाने जाने का आदेश दिया था।