भारतेंदु नाट्य अकादमी के पीजी डिप्लोमा कोर्स में अंतिम वर्ष को जल्द स्पेशलाइज्ड कोर्स के रूप में संचालित करने पर सहमति बनी है।
शनिवार को छह घंटे चली संस्थान की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। इस दौरान रंगमंच के द्विवर्षीय कोर्स पर विजन अधिक स्पष्ट करने को कहा गया।
पीजी डिप्लोमा कोर्स में अंतिम वर्ष को स्पेशलाइज्ड करने का सदस्यों ने प्रस्ताव किया, जिसे मान लिया गया।
इस दौरान नाट्य लेखन पर सर्टिफिकेट या एक साल का डिप्लोमा कोर्स शुरू करने पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान अध्यक्ष रवि शंकर खरे, प्रोफेसर दिनेश खन्ना, अजय मलकानी, प्रोफेसर जसपाल दियोल, प्रोफेसर महेश चंपक लाल, डॉ. अनिल रस्तोगी, दीपांकर पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा संग रंगमंच के व्यक्तित्वों को पढ़ेंगे छात्र
डॉ. अनिल रस्तोगी ने बताया कि मॉडर्न ट्रेंड सेंटर में रंगमंच के उन भारतीय व्यक्तित्वों को शामिल करने को कहा गया, जिन्होंने अमिट छाप छोड़ी है। आधुनिक नाट्य रंगमंच में पद्मश्री दया प्रकाश सिन्हा को शामिल करने की सिफारिश की गई। वहीं, विश्व रंगमंच में अलग विषय बनाकर एशियन ड्रामा, ब्लैक थियेटर आदि जोड़ने पर चर्चा हुई। साथ ही भरत मुनि के अभिनय सिद्धांत में रस और भावों के व्यवहारिक तरीके से अभ्यास पर जोर देने पर चर्चा हुई।
मीटिंग हॉल अब कहलाएगा जयशंकर प्रसाद कक्ष
बीएनए के मीटिंग हॉल का पद्मश्री प्रोफेसर वामन केंद्रे ने फीता काटकर लोकार्पण किया। यह हॉल अब जयशंकर प्रसाद कक्ष के रूप में जाना जाएगा।