फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लालबत्ती न मिलने पर किया आत्मदाह का प्रयास

Wed, 09 Oct 2013 12:27 PM IST
विवेक त्रिपाठी/लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लालबत्ती न मिलने से क्षुब्ध समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने मंगलवार दोपहर पार्टी कार्यालय के बाहर शरीर पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया।
विज्ञापन


सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अफसरों में हड़कंप मच गया। कार्यकर्ता को हजरतगंज कोतवाली में रखा गया है।

यहां पहुंचे कानपुर के विधायक सतीश निगम ने उससे मुलाकात की। फिलहाल, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

कानपुर के आचार्यनगर 87/334 निवासी स्व. किरनकांत निगम का बेटा राहुल निगम सपा की नगर कार्यकारिणी में सदस्य है।

दोपहर करीब दो बजे वह केरोसिन से भरा प्लास्टिक का कैन लेकर सपा कार्यालय पहुंचा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, राहुल ने अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल लिया। आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

राहुल ने आग लगाने के लिए माचिस निकाली तो चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे गौतमपल्ली थाना के दरोगा चतुर सिंह यादव ने उसे दबोच लिया।

जानकारी पाकर अफसरों ने आनन-फानन राहुल को गोपनीय स्थान पर ले जाने के निर्देश दिए। उसे हजरतगंज कोतवाली के मालखाना के भीतर स्थित सिपाहियों की बैरक में लाया गया।
विज्ञापन


उधर, कार्यकर्ता से मिलने के लिए पार्टी के लोग इधर-उधर भटकते रहे लेकिन उसे कहां ले जाया गया है, पुलिस ने इसकी भनक नहीं लगने दी। हजरतगंज कोतवाली में भी किसी को राहुल से मिलने-जुलने नहीं दिया गया।

करीब शाम चार बजे कानपुर के कल्यानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश निगम उससे मिलने कोतवाली आ गए। विधायक ने दस मिनट तक राहुल को समझाया।

राहुल ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम संबोधित पत्र में कहा है कि वह 16 साल से पार्टी की सेवा कर रहा है लेकिन पार्टी तवज्जो नहीं दे रही।

उसने पत्र में सपा के झंडे में शव लपेटकर श्मशान घाट जाने की अंतिम इच्छा जताई है। उधर, सत्ताधारी दल का मामला होने के चलते पुलिस ने राहुल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
विज्ञापन


एक दरोगा ने बताया कि पार्टी की तरफ से इशारा मिलने के बाद गौतमपल्ली थाना में राहुल के खिलाफ आत्मदाह के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र ओमहरे ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

लखनऊ की और खबरें पढ़ें यहां
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें