सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि महंगाई पर रोक, कालेधन की वापसी और नौजवानों को रोजगार देने का झूठा सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा की असलियत सामने आ गई है।
विकास और सबका साथ पीछे छूट गया है। समाज को तोड़ने-बांटने के एजेंडे पर काम में तेजी आ गई है। भाजपा का मकसद प्रदेश में अशांति, सांप्रदायिक उन्माद और दंगा फैलाना रह गया है।
चौधरी ने कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति भाजपा की आंखों में चुभती है। मुख्यमंत्री जिस विकास एजेंडे को अंजाम दे रहे हैं, उससे भाजपाइयों में निराशा है।
इससे परेशान भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और उसके सहयोगी संगठन अब धर्म को आधार बनाकर शांति व्यवस्था को चुनौती देना चाहते हैं। आगरा में कथित धर्मांतरण के बाद घर वापसी का नाटक इसी कड़ी में है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की मिर्जापुर बैठक का उद्देश्य भी सपा के विकास कार्यों की आलोचना करना भर है।