उत्तर प्रदेश के बिजली मंत्री श्रीकांत शर्मा
- फोटो : ट्विटर
राज्य सरकार ने 15 फीसदी से कम लाइन हानियों वाले गांवों को शहरों की तरह 24 घंटे कटौतीमुक्त बिजली देने का फैसला किया है। ऐसे गांवों के सभी जर्जर तार पहले बदले जाएंगे और वहां की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विभागीय कामकाज की समीक्षा के दौरान दी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा ओडीओपी के जरिये गांवों के आर्थिक तंत्र को मजबूत करने में जुटी है। गांवों में कुटीर उद्योगों की स्थापना से रोजगार के साधन बढ़ेंगे। बिजली की निर्बाध उपलब्धता इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। इसी के मद्देनजर गांवों को भी 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति की श्रेणी में रखने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि गांवों में लाइन हानियां कम करने के लिए जनसहभागिता की जरूरत है। ग्राम पंचायतें, प्रबुद्ध लोग एवं युवा इस प्रतिस्पर्धा में शामिल होकर अपने गांव को 24 घंटे की आपूर्ति व्यवस्था का हिस्सा बनाएं।
ऊर्जा विभाग अब उपकेंद्रवार अपने उपक्रमों की समीक्षा करेगा। हर उपकेंद्र को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को इनाम भी दिया जाएगा।