लखनऊ के गाजीपुर में रविवार रात कल्याण अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशीष गोयल (29) की मौत हो गई। अपार्टमेंट आते समय फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। पिता ने जांच की मांग की है।
पुलिस ने चार सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लिया है। सीओ दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, महानगर सेक्टर-एच निवासी कारोबारी राजेंद्र अग्रवाल की डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास राइस मिल है। देर शाम इकलौता बेटा आशीष घर से बिना बताए निकल गया था।
रात करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि कल्याण अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। तलाशी में कपड़ों से मिले पहचान पत्र और मोबाइल के जरिए परिवारीजनों से संपर्क किया गया। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, आशीष ने लग्जरी कार अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़ी की थी।
फुटेज में आशीष करीब 7.16 बजे सीढ़ियां चढ़ता हुआ दिखा। सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, आठवीं मंजिल से उसे नीचे गिरते हुए देखा था। कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। परिवार में मां मिथिलेश, दो बहने हैं।