उपभोक्ता परिषद की आपत्तियों पर गहन विचार-विमर्श के बाद पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने तय किया है कि अब भविष्य में एनबीआईओटी संचार तकनीक के स्मार्ट मीटर ही लगाए जाएंगे। यह मशीन से मशीन के बीच डाटा कम्युनिकेशन की सबसे उच्च तकनीक है।
पावर कॉर्पोरेशन निदेशक (वाणिज्य) एके श्रीवास्तव की तरफ से ईईएसएल के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर भविष्य में 2जी व 3जी तकनीक आधारित स्मार्ट मीटर की जगह नई तकनीक उपलब्ध होते ही उच्च तकनीक के स्मार्ट मीटर ही लगाने को कहा है।
दूसरी तरफ उपभोक्ता परिषद ने कहा है कि प्रदेश में अब तक पुरानी तकनीक के लगभग आठ लाख स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। पावर कॉर्पोरेशन को ईईएसएल को यह भी लिखकर सूचित करना चाहिए कि भविष्य में इन मीटरों में कोई तकनीकी खामी आती है तो उसे भी ईईएसएल को निशुल्क बदलकर उच्च तकनीक का स्मार्ट मीटर लगाना होगा।