सूबे की सरकार ने सरकारी स्कूलों में भी प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूलों की तरह ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की ओर एक अहम कदम बढ़ाया है। ‘क्लीन स्कूल-ग्रीन स्कूल योजना’ के तहत प्रदेश के सौ राजकीय बालक और बालिका इंटर कॉलेजों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे। साथ ही वहां सोलर पॉवर सिस्टम जैसी ढांचागत सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
इसके लिए चुने गए प्रत्येक स्कूल को राज्य सरकार ने 50-50 लाख रुपये का बजट जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके इस्तेमाल के लिए वित्त विभाग से अनुमति मांगी है। मई में सभी चयनित विद्यालयों को धनराशि भेजने की योजना है।
योजना के तहत स्कूलों को दी जाने वाली राशि के इस्तेमाल के लिए भी नियम तय कर दिए गए हैं। इनमें 10 लाख रुपये फर्नीचर पर, 20 लाख रुपये रख-रखाव और 20 लाख रुपये स्मार्ट क्लास व अन्य सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।
स्मार्ट क्लासेज में कंप्यूटर और प्रोजेक्टर के जरिए बच्चों को पढ़ाया जाएगा। इसके लिए पाठ्यक्रम से संबंधित मैटेरियल का सॉफ्टवेयर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा निर्बाध पॉवर सप्लाई के लिए 5 केवीए का सोलर पॉवर सिस्टम स्कूलों में लगाया जाएगा।
31 मार्च को जारी कर दिया था बजट
अखिलेश यादव
इस योजना के लिए 31 मार्च को बजट जारी कर दिया गया है। चूंकि, एक दिन में बजट का इस्तेमाल तो हो नहीं सकता था, इसलिए इसे पर्सनल लेजर एकाउंट (पीएलए) में रखवा दिया गया है।
चालू वित्त वर्ष में इस बजट के इस्तेमाल के लिए शासन के वित्त विभाग की अनुमति जरूरी है। इसलिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अनुमति के लिए वित्त विभाग को फाइल भेजी है।
चयनित स्कूलों में मिलेंगी ये सुविधाएं
- स्मार्ट क्लास के लिए कंप्यूटर, प्रोजेक्टर और सॉफ्टवेयर।
-सबमर्सिबल पंप, ओवरहेड टैंक, आरओ वाटर प्यूरीफायर और वाटर चिलर।
- पर्याप्त लैब उपकरण देकर विज्ञान प्रयोगशाला को सुदृढ़ किया जाएगा।
- निर्बाध बिजली के लिए 5 केवीए के सोलर पॉवर सिस्टम लगेंगे।
-बिजली बचाने के लिए एलईडी बल्ब और आधुनिक पंखे लगाए जाएंगे।
- पुस्तकालयों के लिए किताबें और खेल उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी।
- फलदार व छायादार पेड़-पौधे लगेंगे, फूलों का बगीचा विकसित किया जाएगा।
इन स्कूलों के लिए जारी हुआ बजट
लखनऊ : राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, जीआईसी निशातगंज, जीआईसी हुसैनाबाद, जीजीआईसी इंदिरा नगर, जीजीआईसी शृंगार नगर, जीजीआईसी गोमती नगर, जीजीआईसी शाहमीना रोड।
रायबरेली : जीआईसी रायबरेली, जीजीआईसी रायबरेली।
फैजाबाद : जीआईसी फैजाबाद, जीजीआईसी फैजाबाद।
बाराबंकी : जीजीआईसी बाराबंकी।
सुल्तानपुर : जीआईसी सुल्तानपुर, केश कुमारी जीजीआईसी।
अमेठी : जीजीआईसी गौरीगंज, जीजीआईसी गोंडा।
बहराइच : जीआईसी बहराइच, जीजीआईसी बहराइच
सीतापुर : जीआईसी सीतापुर।