राजधानी में स्केटिंग और शूटिंग के खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी है। जिलाधिकारी राजशेखर ने कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज को नया रोलर स्केटिंग रिंग और शूटिंग रेंज तैयार करने के लिए जल्द ही जमीन दिए जाने का भरोसा दिया है।
इसके अलावा नगर निगम के नियंत्रण में संचालित नादरगंज स्थित फायर रेंज को भी जल्द ही हाईटेक सुविधा युक्त शूटिंग रेंज के रूप में विकसित किया जाएगा। नए शूटिंग रेंज के लिए एडीएम ट्रांस गोमती अशोक कुमार की अध्यक्षता में एक प्रोजेक्ट निगरानी समिति का गठन किया गया है।
टीम में एडीएम टीजी के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट एसएन यादव, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य अनिल कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एलआर पटेल, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी धर्मराज यादव और हर्षित गुप्ता को शामिल किया गया है।
समिति 20 फरवरी को बैठक कर नए रोलर स्केटिंग रिंग और शूटिंग रेंज प्रोजेक्ट की प्रस्तावित कार्ययोजना को अमल में लाने का कार्य करेगी। डीएम ने बताया कि रोलर स्केटिंग रिंग व शूटिंग रेंज नहीं होने से इस खेल से जुड़ी प्रतिभाओं को प्रैक्टिस के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता था।