सूबे के एड्स मरीज अब इलाज के लिए यूपी रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। इसके लिए इन्हें यात्री पास (स्मार्ट कार्ड) दिए जाएंगे, जिससे एक बार में 100 किमी आने और वापस जाने की सुविधा मिलेगी। सूबे के कुल करीब 70 हजार एड्स मरीजों में से 30 हजार हर महीने तो 40 हजार प्रत्येक छह माह पर कस्बे और गांवों से चेकअप कराने शहर आते हैं।
यूपी एड्स सोसाइटी इनके किराए के एवज में रोडवेज को सालाना 4.25 करोड़ रुपये चुकाएगी। यूपी एड्स सोसाइटी के आग्रह पर परिवहन निगम ने स्मार्ट कार्ड बनाने और इस पर आने वाले खर्च का ब्यौरा भेजा था। इसके बाद सोसाइटी ने निगम को स्मार्ट कार्ड बनाने की सहमति दे दी है।
निगम एड्स मरीजों के लिए दो प्रकार के स्मार्ट कार्ड बनाएगा। पहला हर महीने उपचार कराने वाले मरीजों के लिए और दूसरा उनके लिए जो हर महीने चेकअप कराने आते हैं। मरीजों को नए वित्तीय वर्ष 2015-16 के अप्रैल से मुफ्त सफर की सुविधा मिलने लगेगी। ये स्मार्ट कार्ड एसबीआई के होंगे जिनको टॉपअप कराया जा सकेगा।