जेल में शराब पीकर मस्ती कर रहे थे अपराधी।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली जिला कारागार में असलहे व कारतूस रख शराब पी रहे चार बंदियो का वीडियो वायरल होने के मामले में जेल अधीक्षक समेत छह अफसरों पर गाज गिरी है। लापरवाही के आरोप में जेल अधीक्षक पीके शुक्ला, जेलर गोविंद राम वर्मा, डिप्टी जेलर रामचंद्र तिवारी, हेड जेल वार्डन लालता प्रसाद उपाध्याय, जेल वार्डन गंगा राम और शिव मंगल सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए अफसरों के खिलाफ प्रमुख सचिव गृह ने विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं, डीआईजी जेल उमेश श्रीवास्तव ने भी जिला जेल का निरीक्षण किया।
आपको बता दें कि जिला कारागार में असलहे-कारतूस के बीच शराब पीकर मस्ती कर रहे कुछ बंदियों का वीडियो वायरल होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया था। इतना ही नहीं इस वीडियो में जेल में बंद अपराधी फोन पर अपने साथी को 10 हजार रुपये में से 5000 रुपये एक अधिकारी को देने की बात कह रहे हैं।
मामला पता चलते ही वीडियो में दिख रहे बंदियों को प्रशासन ने दूसरी जेलों में तबादला कर दिया। इन बंदियों के खिलाफ रायबरेली नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
विभाग द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज में बताया गया है कि प्रकरण के प्रकाश में आने के बाद जिला जेल के जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 नवंबर को सघन तलाशी ली गई। जिसमें सिगरेट, लाइटर, माचिस, मिठाईयां, ड्राई फ्रूट जैसे पदार्थ जेल की बैरकों में पाए गए।