जिलाधिकारी से लगाई सुरक्षा की गुहार।
- फोटो : amar ujala
इमलिया सुल्तानपुर के फतेपुर मातिनपुर में पिता पुत्र के दोहरे हत्याकांड के बाद उनके परिजनों ने बृहस्पतिवार को डीएम डॉ राजा गणपति आर से मुलाकात की है। डीएम से मिलकर परिवार से सुरक्षा के साथ आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि वह गांव में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे, इसलिए गांव से सारा सामान समेटकर मितौली जाकर रहने लगे हैं। डीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पीड़ित अशहद ने बताया कि उनके पिता और बाबा की गांव के ही छह लोगों ने 26 दिसंबर को हत्या कर दी। इसमें छह नामजद आरोपियों में अभी भी दो आरोपी फरार हैं। अशहद के अनुसार उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में गांव में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। इसलिए अब पूरा परिवार खीरी के मितौली में सारा सामान समेट कर शिफ्ट हो गया है।
बताया कि अगर उन्हें सुरक्षा नहीं मिली या आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पैतृक जमीन भी कब्जा हो जाएगी। वहीं, इस हत्याकांड में मृतक मैसर के भाई इशरत ने बताया कि आरोपी काफी दबंग हैं। फरार आरोपियों की ओर से लगातार जान से मार देने के साथ खेत पर कब्जा करने की धमकियां मिल रही हैं। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए इसलिए डीएम से मिले हैं। डीएम ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब तक चार गिरफ्तारियां, दो फरार
इस दोहरे हत्याकांड में मृतक छोटे खां के दामाद महफूज ने गांव के ही छह लोगों अजयपाल, नंगा उर्फ नागेश, टामू, विकटू उर्फ श्यामल, शिव पूजन और कामता प्रसाद पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इनमें अजयपाल, नागेश, शिवपूजन और टामू को एसओजी की मदद से गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, विकटू और कामताप्रसाद फरार हैं। इनसे ही पीड़ित परिवार के लोगों ने जान का खतरा बताया है।