सदरपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद कस्बे में नशे में धुत होकर दो सगे भाइयों ने पहले मां और बहन की पिटाई की फिर उन्हें जलाने का भी असफल प्रयास किया। मोहल्ले के लोगों ने शोर होने पर दोनों को पकड़कर पेड़ से बांधकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गयी।
जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद कस्बे के दक्षिण मोहल्ले वार्ड-7 में जाकिर अली बाबा का परिवार रहता है। जाकिर बाबा की मृत्यु हो चुकी है। उनके तीन लड़के हैं, जिनमें दो लड़के जाबिर उर्फ भोला व सिराज अख्तर उर्फ छोटू नशेड़ी किस्म के हैं। बुधवार रात करीब 8:45 बजे दोनों नशेड़ी भाइयों का तीसरे भाई मेराज अख्तर से बाइक मांगने पर विवाद हो रहा था, जिसमें मां व बहन के हस्तक्षेप के कारण मां जाकिरा(65) व बहन जलीसुन(35) की पिटाई करने लगे।
आरोप है कि उन्हें जलाने का असफल प्रयास किया। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गये और दोनों को घर से बाहर पेंड़ से बांध दिया। पुलिस को सूचना दी।देबियापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और पेड़ से खोलकर अपने साथ थाने ले गयी। ग्रामीणों ने बताया कि यह दोनों नशा करते हैं। जमीन के लिये आये दिन गाली गलौज और मारपीट करते रहते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।