लखनऊ में पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर करीब दो बजे एक और सिपाही विशाल सिंह पतंग के मांझे का शिकार हो गया। हादसे के वक्त सिपाही विशाल ड्यूटी पर गोमतीनगर थाने जा रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
वहीं, शनिवार को मांझे से घायल महिला सिपाही प्रीति राजपूत की तहरीर पर गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देर रात पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय घायल सिपाही का हाल लेने लोहिया अस्पताल गए थे। उन्होंने कार्रवाई का आदेश दिया ।
मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला है। इसके आधार पर पतंग उड़ाने वालों की जानकारी जुटा रही है। जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।