श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। इसके माध्यम से उन्होंने कहा कि हमने भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के भूमि पूजन के लिए केवल संतों को बुलाया है।
उनका कहना था कि कुछ लोग पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं और उनका मानना है कि वो लोग दलित हैं। लेकिन हम ऐसा नहीं मानते, क्योंकि वो अब संत बन चुके हैं। इस कार्यक्रम में संत महात्माओं को मिलाकर करीब पौने दो सौ लोग होंगे।
उन्होंने बताया कि हमने इकबाल अंसारी को भी निमंत्रण दिया है और मोहम्मद शरीफ को भी। मोहम्मद शरीफ वो इंसान हैं जो लोगों का मुफ्त में अंतिम संस्कार करते हैं और अब तक करीब 10 हजार लोगों का अंतिम संस्कार कर चुके हैं।
इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। वह अयोध्या के निवासी हैं और हमने उन्हें आमंत्रित किया है। जिन लोगों को आमंत्रित किया गया है उनको कार्ड मिल जाएगा।
इस कार्ड के आधार पर कोई दूसरा व्यक्ति उनकी जगह नहीं आ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हमने कोई वाहन पास जारी नहीं किया है। वाहनों को इस कार्यक्रम के स्थल से दूर ही रखा जाएगा।