राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में मुस्लिम पक्ष के मुख्य मुद्दई रहे इकबाल अंसारी ने आगामी पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन समारोह का न्योता कुबूल करते हुए कहा है कि जो होना था वह हो चुका है और अब हम सभी को आगे की राह देखनी चाहिए।
अंसारी ने सोमवार को कहा कि हमें मंदिर भूमि पूजन का निमंत्रण आया है। हम उसमें शिरकत करेंगे। हमने यही बात मीडिया में पहले भी कही थी कि अगर हमारी जरूरत है और आप (सरकार) हमें बुलाते हैं तो हम जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें 'रामनामी' अंगवस्त्र और श्रीरामचरित मानस की एक प्रति भेंट करेंगे। अंसारी के पिता हाशिम अंसारी राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद विवाद के सबसे पुराने मुद्दई थे।
वर्ष 2016 में हाशिम के निधन के बाद इकबाल अंसारी ने उनकी जगह मुद्दई के तौर पर मामले की पैरवी की थी। इस सवाल पर कि क्या वह कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर कोई मांग करेंगे, उन्होंने कहा कि हमें अब किसी से कुछ नहीं मांगना है। जो होना था वह हो चुका। अब हमें भविष्य की तरफ देखना चाहिए।