लखनऊ। नागपुर में गिरफ्तारी के बाद माॅडल श्रद्धा दुबे का 1.18 मिनट का वीडियो सामने आया है। इसमें वह पुलिसकर्मियों से गाड़ी की पिछली सीट पर बैठाने से मना करती और सांस लेने में परेशानी की बात कहती सुनाई देती है। वह आगे की सीट पर बैठाने का अनुरोध करती है लेकिन पुलिसकर्मी उसे अन्य आरोपियों के साथ सबसे पीछे वाली सीट पर बैठने के लिए कहते हैं। पुलिसकर्मी श्रद्धा को भरोसा दिलाते हैं कि दिक्कत होने पर व्यवस्था की जाएगी। इससे पहले वीडियो में पुलिसकर्मी श्रद्धा से कहते नजर आ रहे हैं कि मीडिया तो कुछ भी दिखाती है। मीडिया ने तुम्हारी बदनामी कर दी। इस पर श्रद्धा कहती है कि ऐसा मीडिया की वजह से हुआ है।
श्रद्धा के मोबाइल फोन के डाटा से खुल सकते हैं कई राज
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस की नजर माॅडल श्रद्धा और अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन पर है। उसके मोबाइल में ऐसे राज छिपे होने की आशंका है, जिनके सामने आने पर कई सफेदपोशों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश के पास से चार मोबाइल फोन मिले हैं। इनमें फरारी के दौरान लोगों से हुई बातचीत और चैट के रिकॉर्ड होने की संभावना है। इसके अलावा, घटना से पहले आरोपियों की किन-किन लोगों से बातचीत होती थी, इसकी जानकारी भी मोबाइल फोन से मिल सकती है। अब सवाल उठ रहा है कि आरोपियों के मोबाइल फोन का डाटा कभी सामने आएगा या कई राज हमेशा के लिए दफन रह जाएंगे।
शिवा की मां ने सरकार और पुलिस का जताया आभार, कहा- अभी लड़ाई बाकी
शिवा शर्मा की मां रंजना ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर सरकार और लखनऊ पुलिस का आभार जताया है। उन्होंने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रंजना ने कहा कि अभी लड़ाई बाकी है। आरोपियों को सजा मिलने तक उन्हें पूरा न्याय नहीं मिलेगा। गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद वह बुधवार को परिवार के साथ बेटे की अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार रवाना हो गईं। इससे पहले उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अस्थियां विसर्जित नहीं की थीं।
दानिश की बहन बोली, भाई ड्यूटी पर गया था फिर नहीं लौटा
मॉडल श्रद्धा के चालक आलमबाग निवासी दानिश की बहन का वीडियो बयान सामने आया है। उनका कहना है कि दानिश चार महीने से श्रद्धा के यहां ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। घटना वाले दिन भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर गया था लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। दानिश की बहन के मुताबिक, उन्हें मीडिया के जरिये ही शिवा शर्मा की मौत और भाई के नेपाल भाग जाने की जानकारी मिली। उनका कहना है कि दानिश का इस घटना से क्या संबंध है, इस बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं है।