लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शहर के व्यापारी एक मंच पर आ गए हैं।
वे 30 अप्रैल को लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए वोटरों को प्रेरित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
इसी कवायद में शहर के प्रमुख व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने अमर उजाला फोकस ग्रुप की बैठक में शहरवासियों के लिए ‘वोटिंग डे स्पेशल महाबचत ऑफर’ की घोषणा की।
यह योजना 30 अप्रैल से चुनाव परिणाम की घोषणा तक लागू रहेगी। इसके तहत मतदाता तय बाजारों में किसी भी दुकान से अपनी अंगुली पर लगा स्याही का निशान दिखाकर आकर्षक छूट पा सकता है।
लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री व लखनऊ व्यापारी समन्वय समिति के संयोजक अमरनाथ मिश्र ने कहा कि याहियागंज बाजार और पांडेयगंज गल्ला मंडी में खरीददारी करने आने वाले वोटर अंगुली पर लगा निशान दिखाने पर थोक के मूल्य पर फुटकर में खरीददारी कर सकते हैं।
इसके अलावा शुक्रवार से सभी दुकानों पर मतदान के लिए जागरूक करने वाले पंपलेट भी लगा दिए जाएंगे। सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री व आनंदी वाटर पार्क के निदेशक विनोद माहेश्वरी ने कहा है कि मतदान करने वालों को चौक क्षेत्र की दुकानों पर सोने, चांदी, हीरे आदि के गहनों की खरीद में बनवाई पर छूट दी जाएगी।
यह छूट मतदान तिथि के पांच दिन बाद तक लागू रहेगी। इसके अलावा आनंदी वॉटर पार्क के निदेशक के तौर पर उन्होंने वोटरों के लिए पार्क की एंट्री फीस में 10 फीसदी छूट की भी घोषणा की।
विनोद माहेश्वरी ने कहा कि मतदान को लेकर जागरूकता की ऐसी कमी है कि लोग इस दिन को पिकनिक डे या फिर छुट्टी के रूप में मनाते हैं।
ऐसे में हमारा कहना है कि इसे पिकनिक डे क्यों, त्यौहार के रूप में मनाइए, लेकिन पहले वोट डालकर आइए। उन्होंने घोषणा की कि जिस परिवार में पति और पत्नी दोनों ने वोट डाला होगा उनके साथ आए बच्चों के टिकट पर भी यह छूट लागू होगी।
बांसमंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतपाल सिंह मीत ने बताया कि उनके क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर ग्राहक को अंगुली पर मतदान का निशान दिखाने पर पांच फीसदी की छूट दी जाएगी।
उप्र फर्नीचर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इकबाल हसन ने बताया कि उनके संगठन के दुकानदार भी वोट डालने वालों को फर्नीचर की खरीदारी पर मतदान की तिथि से लेकर परिणाम घोषित होने तक खास छूट देंगे।
इसके अंतर्गत ग्राहक को ब्रांडेड फर्नीचर पर एक से तीन फीसदी तक की छूट दी जाएगी।