सपा ने भले ही अमर सिंह की वापसी पर कुछ न कहा हो, पर शिवपाल सिंह के बयान अमर की वापसी की संभावनाओं को बल जरुर दे रहे हैं।
शिवपाल शुक्रवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के नामांकन में शामिल होने आए थे। इसके बाद मीडिया से मुलाकात की।
अमर सिंह की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि न अमर सिंह और न ही सपा की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव है। कभी आया तो फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे।
केंद्र ने की वादाखिलाफी
कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बिजली संकट का ठीकरा सूबे की पूर्ववर्ती बसपा और केंद्र की मौजूदा सरकार के सिर फोड़ा।
शिवपाल बोले, मायाराज में बिजली उत्पादन बढ़ाने की कोई कोशिश नहीं हुई। इधर कोयले की कमी पर जब केंद्र से बात की गई तो उसने सेंट्रल पूल से भरपूर बिजली दिलाने का वादा तो किया पर निभा नहीं रही।
यह तो सपा सरकार है जो उत्पादन बढ़ाने में जुटी है। साल भर में सबकी जरूरत भर बिजली सूबे में ही बनने लगेगी।
मैनपुरी में होगी सपा की जीत
पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिजली का संकट पूरे देश में है। सूबे में कोयले की कमी से क्षमता भर भी उत्पादन नहीं हो पा रहा।
केंद्र सरकार भी मांग के सापेक्ष बिजली नहीं दिला पा रही। शिवपाल ने कहा कि भाजपा सांप्रदायिकता के आधार पर अपनी ताकत बढ़ा रही है लेकिन जनता यह खेल समझ चुकी है।
इसलिए उपचुनाव में सपा मैनपुरी सीट पर जीत का नया रिकार्ड रचेगी। चुनाव में यहां मुलायम सिंह ने बड़ी जीत दर्ज की थी।
अखिलेश, मोदी के साथ मंच जरूर साझा करेंगे
जहां कांग्रेस ने विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा न करने की अपील की है, वहीं शिवपाल सिंह का कहना है कि सपा इससे सहमत नहीं।
शिवपाल ने कहा कि प्रदेश में कोई सरकारी आयोजन होता है तो प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री अखिलेश मंच पर मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस ने हरियाणा आदि प्रदेशों में मुख्यमंत्रियों की हूटिंग के चलते यह अपील की थी।