कर्ज चुकाने की चिंता में एक शिक्षामित्र की जान चली गई। रविवार रात शिक्षामित्र रामपाल को पत्नी से बात करने के दौरान दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी और आठ बच्चों का परिवार छोड़ गया।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में ग्राम रिछली मजरे एंडौरा निवासी रामपाल (40) पुत्र बृजलाल गौतम को गत वर्ष सहायक अध्यापक पद पर समायोजन के बाद हैदरगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जमीन हुसैनाबाद में तैनाती मिली थी।
गत 12 सितंबर को हाईकोर्ट के फैसले के बाद समायोजित हुए शिक्षामित्रों के वेतन पर रोक लग गई। उसने एक बेटी की शादी पिछले साल कर्ज लेकर की थी। रविवार रात करीब आठ बजे वह पत्नी शकुंतला से कर्ज चुकाने के बारे में बात कर रहा था तभी उसके सीने में दर्द उठा।