शादी का झांसा देकर महिला रेलकर्मी का यौन शोषण
सरोजनीनगर। शादी का झांसा देकर शोरूम कर्मचारी सुशांत गोल्फ सिटी निवासी मनीष शुक्ला ने महिला रेलकर्मी का यौन शोषण किया। यही नहीं, पीड़िता से छह लाख रुपये भी ऐंठ लिए और शादी से मुकर गया। आरोप है कि आरोपी के भाई ने भी महिला को ब्लैकमेल किया और उसके परिजनों ने धमकाया। परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या के इरादे से दवाओं का ओवरडोज खा लिया। किसी तरह उनकी जान बची। 21 दिसंबर को पीड़िता ने सरोजनीनगर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सरोजनीनगर निवासी महिला के अनुसार पति की मौत के बाद वह रेलवे में नौकरी करने लगी। जून माह में कृष्णानगर स्थित क्रोमा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में कुछ सामान खरीदने गई थीं। वहां उनकी मुलाकात प्रतापगढ़ के लालगंज स्थित नरायनपुर सरैया निवासी मनीष शुक्ला से हुई। वह मौजूदा समय में सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज में किराये पर रह रहा है। उसने बातचीत के बहाने से उनका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। फिर फोन व मैसेज कर उनसे दोस्ती की। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उनका यौन शोषण किया। इस बीच आरोपी ने कभी भाभी के ऑपरेशन तो कभी भाई के काम के नाम पर छह लाख रुपये ऐंठ लिए।
शादी के लिए की बात तो मिली धमकी, आत्महत्या का किया प्रयास
महिला ने कुछ वक्त पहले आरोपी के परिजनों से संपर्क किया। शादी की बात पर मनीष के घरवाले भड़क उठे और उनके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। इतना ही ने आरोपी मनीष के भाई ने उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो के बल पर ब्लैकमेल किया और शारीरिक शोषण का प्रयास किया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी व उसके घरवालों ने उन्हें व उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उन्होंने दवा का ओवरडोज खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। अंत में उन्होंने 21 दिसंबर को आरोपी मनीष, उसके भाई व परिजनों के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में केस दर्ज कराया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया।