लखनऊ। पांच साल बाद मनकामेश्वर वार्ड में आईटी चौराहे से डालीगंज पुल वाली रोड पर बाबूगंज पुलिस चौकी के पास से गहरी सीवर लाइन बिछाने का काम रविवार रात से शुरू हो गया। इससे आसपास के कई इलाकों की करीब 25 हजार से अधिक आबादी को फायदा होगा। यातायात डायवर्जन न होने से करीब एक माह से काम रुका था। इसे अब 40 दिन में पूरा किया जाएगा।
मनकामेश्वर वार्ड में पड़ी पुरानी सीवर लाइनें, सीवर की ट्रंक लाइनों से जुड़ी न होने से चोक रहती हैं। इससे सीवर नालियों से बहता रहता है। इसे दूर करने के लिए आईटी चौराऐ से डालीगंज पुल की ओर जाने वाली मेन रोड पर गहरी सीवर लाइन बिछाने का काम होना है।
यातायात पुलिस की ओर से दिसंबर में जल निगम को एक जनवरी से 28 फरवरी तक रात में 11 बजे के बाद से सुबह सात बजे तक यातायात डायवर्जन की अनुमति दी गई है। विभाग ने 14 जनवरी से काम शुरू करने की तैयारी की, पर ट्रैफिक पुलिस ने आदेश के तहत डायवर्जन लागू नहीं किया। इससे एक महीना की अनुमति और बढ़ाई गई।
पार्षद ने की भूख हड़ताल तब शुरू हुआ काम
13 जनवरी को मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत यादव, नगर निगम मुख्यालय में महापौर व नगर आयुक्त कक्ष के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे थे। इसके बाद जल निगम प्रशासन ने 14 जनवरी से काम शुरू करने का वादा किया। डायवर्जन न मिलने से मुख्य मार्गों पर काम नहीं शुरू हुआ तो गलियों से शुरुआत की गई।
मेन रोड का काम करीब एक माह से रुका था, जो अब शुरू हो गया है। सीवर लाइन पड़ने से कई इलाकों में सीवर चोक की समस्या दूर होगी। अभी गलियों में काम किया जा रहा था।
वीएस यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर जल निगम