काकोरी के दोना गांव में रविवार देर शाम सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष असलम की (45) की हत्या के मामले में एसएसपी मंजिल सैनी ने मंगलवार शाम घुरघुरी तालाब चौकी इंचार्ज अवधेश सिंह यादव और छह सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया।
एसओ शशिकांत यादव को फटकार लगाते हुए एसएसपी ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। लखनऊ के एक इलाके में हुई सपा नेता की हत्या के मामले में एसएसपी ने चौकी इंचार्ज और छह सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि हत्या में स्थानीय पुलिस की लापरवाही उजागर होने पर चौकी इंचार्ज सहित बीट कांस्टेबल ह्रदयेश कुमार, प्रथम सिंह, मनीष यादव, हरगोविंद यादव, रमेश यादव और रमेश चंद्र सोनकर को सस्पेंड कर दिया गया है।
उन्होंने एसओ को चेतावनी दी है। उधर, हत्या के नामजद आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों का ठिकाना जानती है लेकिन मामला राजनीतिक होने के चलते हाथ नहीं डाल रही।
दोना गांव में भी तनावपूर्ण माहौल है। हत्यारोपियों के घर पर हमले की आशंका से मंगलवार को भी यहां भारी फोर्स तैनात रही। गौरतलब है कि दोना गांव की प्रधान शीबा के पति व सपा नेता असलम की रविवार देर शाम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
आरोपी गांव के ही फरीद, इब्राहिम आदिल, कलीम, तहजीब, मेहरबान व शुएब ने बहाने से बुलाकर असलम व उसके भाई सगीर, शमीम और मुन्ना पर हमला कर दिया था।