लखनऊ। सड़क हादसों में सात लोगों की जान चली गई। दो घायल भी हुए। ये दुघर्टनाएं बंथरा, निगोहां, दुबग्गा, बिजनौर, मोहनलालगंज और पीजीआई थानाक्षेत्र में हुईं।
गोंडा निवासी रोहन ने बताया कि एसजीपीजीआई में डाटा ऑपरेटर उनकी बहन डॉली वृंदावन कॉलोनी में किराये पर रहती है। कुछ दिन पहले मां अनीता (42) उससे मिलने आई थीं। बुधवार सुबह दोनों कॉलोनी में रह रहे रिश्तेदार आर्यन त्रिपाठी के घर गए थे। बुधवार दोपहर 2:30 बजे आर्यन स्कूटी से दोनों को घर छोड़ने जा रहे थे। कालिंदी पार्क के पास ट्रक ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। अनीता उछलकर सड़क पर जा गिरीं, जबकि आर्यन और बहन मामूली रूप से घायल हो गए। दोनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
बंथरा में बुधवार को उल्टी दिशा से आ रहा डंपर कार से टकरा गया। हादसे में कार चालक सरोजनीनगर के बीटेक के छात्र सक्षम शुक्ला (19) की मौत हो गई। पिपरसंड गांव के धीरज शुक्ला ने बताया कि उनका बेटा सक्षम उन्नाव के नवाबगंज स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का छात्र था। बुधवार सुबह नौ बजे वह कंप्यूटर की परीक्षा देने कार से जा रहा था। बंथरा में हिंदुस्तान एकेडमी के पास हादसा हो गया। पुलिस ने सक्षम को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति के मुताबिक डंपर कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। सक्षम के चाचा संतोष शुक्ला शिवसेना उप्र के महासचिव रह चुके हैं।
निगोहां में बृहस्पतिवार शाम 4:30 बजे हरिवंशखेडा मोड़ के पास तेज रफ्तार एसयूवी बाइक से टकरा गई। फिर डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर चली गई। हादसे में बाइक चालक टिकरा गांव के कुलदीप (25) की जान चली गई। हादसे के बाद जाम लग गया। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी के मुताबिक एसयूवी कब्जे में ली गई है। उधर, बंथरा में बृहस्पतिवार सुबह 9:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से पिपहरी गांव निवासी श्रमिक गोविंद कुमार रावत (43) की मौत हो गई। वह अस्पताल में भर्ती पत्नी अंजलि को खाना देने जा रहे थे। अंजलि ने बुधवार को बेटी को जन्म दिया था।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गई जान
दुबग्गा में सड़क हादसे में कृषि विभाग में संविदा पर तैनात महावीर (59) की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मूल रूप से हरदोई के संडीला निवासी महावीर दुबग्गा के हयात नगर में परिवार के साथ रहते थे। बुधवार रात आठ बजे वह आम्रपाली चौराहे के पास हादसे का शिकार हो गए। उनके काफी देर तक घर न पहुंचने पर भतीजे रणधीर ने काफी तलाशा। कुछ पता न चलने पर वह बृहस्पतिवार सुबह दुबग्गा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे, तब घटना का पता चला। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बिजनौर इलाके में बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से परवर पश्चिम निवासी बाइक सवार अनुराग सिंह (23) की मौत हो गई। उधर, मोहनलालगंज के कनकहा के पास बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार पीजीआई इलाके के ईश्वरी खेड़ा के अखिलेश रावत को वाहन ने टक्कर मार दी। उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।