चिनहट बाजार में रावण दहन स्थल पर बनीं अवैध दुकानों में लगी आग।
लखनऊ। चिनहट बाजार में रावण दहन स्थल पर बनीं आठ अवैध दुकानों में बृहस्पतिवार को भीषण आग लग गई। एक दुकान में सो रहे पांच कर्मचारी इसमें फंस गए। लोगों ने किसी तरह इन्हें निकाला। तेज धमाके से गैस सिलिंडर फटने से लोग दहशत में आ गए। दमकल ने चार गाड़ियों से पांच घंटे में आग पर काबू पाया। एफएसओ के मुताबिक हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ।
रावण दहन स्थल पर चिनहट के नंदी विहार कॉलोनी के मो. रफी, मुकेश कनौजिया, मो. रज्जी, वीरेंद्र कश्यप, आशा शर्मा, मो. सलमान, रामलखन व याकूब की दुकान है। मो. रफी की घर संसार नाम की दुकान में काम करने वाले पांच कर्मचारी वहीं रहते भी हैं। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे उनकी दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखे प्लास्टिक के सामान और कपड़ों से इसने विकराल रूप ले लिया। धुएं, आग की तपन से सो रहे कर्मचारियों की आंख खुल गई। खुद को लपटों में घिरा देख कर्मचारी चीखने लगे। इस बीच पड़ोस में रह लोग पहुंचे और सभी को निकाला। फिर दमकल को सूचना दी गई।
लोग आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच लपटों ने सात और दुकानों को चपेट में ले लिया। इनमें रखे गैस सिलिंडर तेज धमाकों के साथ फटने लगे। इससे आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे दरक गए। एफएसओ गोमतीनगर सुशील यादव तीन गाड़ियों और टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कोयला से भड़की आग
मुकेश की दुकान में रखे कोयले से आग भड़क उठी। यह देख एफएसओ ने फायर स्टेशन हजरतगंज से एक गाड़ी मंगवाई। टीम दो भागों में बंट गई और टीन की चादर को काटकर आग पर काबू पाना शुरू किया। इस बीच पानी खत्म हो जाने से दमकल को आसपास के संस्थानों के आठ चक्कर काटने पड़े। पांच घंटे की मशक्कत के बाद करीब 11:30 बजे आग पूरी तरह से बुझा ली गई। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि हादसे से उनका करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
चिनहट बाजार में रावण दहन स्थल पर बनीं अवैध दुकानों में लगी आग।