एक तरफ मशहूर संगीतज्ञ पद्मश्री से सम्मानित उस्ताद अब्दुल राशिद खां को सलोन कस्बे में अंतिम विदाई दी गई, तो वहीं उनके छोटे भाई अब्दुल हफीज खां के परिवार के छह लोगों समेत सात लोगों की मौत से घर में कोहराम मच गया है।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंग के पास टैंकर से जीप की भिड़ंत के बाद जीप के खाईं में चले जाने से यह हादसा हुआ।
इसकी सूचना सलोन पहुंची तो परिवार में रोना पीटना मच गया। परिवार के लोग राजगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।
सलोन कस्बे के रहने वाले व संगीत के क्षेत्र की मशहूर शख्सियत उस्ताद राशिद खां का गत दिवस कोलकाता में निधन हो गया था। उनका शव शुक्रवार को सलोन लाया गया, जहां उनको अंतिम विदाई दी गई।