लखनऊ। तिहाड़ जेल में बंद सीरियल किलर भाई सलीम, रुस्तम और सोहराब को जाली नोट का रैकेट चलाने के मामले में दिल्ली से लाकर राजधानी की कोर्ट में पेश किया गया। एसीजेएम निहारिका जायसवाल ने आरोपियों को हिरासत में लेकर 15 जून तक जेल भेज दिया।
इसके पहले तालकटोरा पुलिस आरोपी भाइयों सलीम, रुस्तम और सोहराब को बी वारंट पर तिहाड़ से लेकर आई और कोर्ट में पेश किया। अभियोजन ने कोर्ट से आरोपियों को हिरासत में लेने की मांग की थी जिस पर कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लेने का आदेश दिया। बताते चलेें कि 11 जनवरी 2022 को तालकटोरा पुलिस और सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से सलमान, मोहम्मद मुबस्सीर, मोहम्मद अरबाज, फरहान समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर 81,550 रुपये के जाली नोट के अलावा नोट बनाने के लिए प्रिंटर, सफेद कागज का रिम, नोट काटने के लिए कटर, हरे टेप, कैंची, इंक बरामद किया था।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस विवेचना में तिहाड़ जेल में बंद सलीम, रुस्तम और सोहराब का नाम इस रैकेट में आया था। इस पर पुलिस ने तिहाड़ में बंद आरोपियों को इस मामले में आरोपी बनाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी जिस पर कोर्ट ने आरोपियों को बी वारंट पर तलब किया था।