खुले में कूड़ा फेंके जाने पर एनजीटी की अनुश्रवण समिति ने सख्ती दिखाते हुए एलडीए और छावनी परिषद की कॉलोनियों में कचरा निस्तारण की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही नगर निगम को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि लोग घरों में अलग-अलग डस्टबीन रखें।
वहीं खुले में कूड़ा डालने पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नगर निगम को 31 दिसंबर तक की मोहलत दी है। अनुश्रवण समिति के चेयरमैन जस्टिस डीपी सिंह का कहना है कि हालात अगर नहीं सुधरे तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। समिति ने एलडीए को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कुछ कॉलोनियां ऐसी हैं, जिनका हस्तांतरण नगर निगम को नहीं हुआ है।
इन कॉलोनियों में खुले में कू ड़ा डंप किए जाने की शिकायत मिली है। एलडीए को कॉलोनियों की सफाई करवाने, खुले में कूड़ा फेंका जाना बंद करवाने और दो सप्ताह में इसकी रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है। उधर, डीआरएम लखनऊ ने अनुश्रवण समिति से शिकायत की है कि डेढ़ साल से चारबाग स्टेशन का सीवर सिस्टम चोक है। समिति ने इस पर एक हफ्ते में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।