लखनऊ बांग्लाभाषी मुखपत्र पत्रिका की ओर से तीन दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है।
जो 15 नवम्बर से विद्यांत हिन्दू पीजी कॉलेज में शुरू होगा। सेमिनार में फिल्म और साहित्य जगत की चर्चित हस्तियां शामिल होंगी।
जो फिल्म व साहित्य पर चर्चा करेंगे। मुख्य वक्ता के तौर पर विभाजन पर बनी फिल्म ‘गर्म हवा’ के निर्देशक एमएस सत्थू मौजूद रहेंगे। यह जानकारी मुखपत्र के संपादक अमलेंदु दत्ता ने सोमवार को प्रेसक्लब में आयोजित वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि सेमिनार समाज सुधारक राजा राम मोहन रॉय की 241वीं जयंती, हिन्दी सिनेमा केसौ वर्ष पूरे होने और बलराज साहनी की जयंती केउपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर को विद्यांत कॉलेज के विवेकानंद ऑडिटोरियम में सिनेमा पर विचार-विमर्श होगा। जिसमें फिल्मकार एमएस सत्थू मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त करेंगे।
16 नवम्बर को ‘महिलाओं के खिलाफ हिंसा’ पर गोष्ठी होगी। जो शिवाजी मार्ग स्थित बंगाली क्लब प्रेक्षागृह में होगा। जिसमें बंगाली लेखक श्रीशेंदु मुखोपाध्याय व रामकृष्ण मठ के स्वामी मुक्तिनाथानंद मुख्य वक्ता होंगे।
17 नवम्बर को भी विषय पर परिचर्चा चलेगी। इसके अलावा नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी। वार्ता में शुभाशीष घोष, इप्टा के राकेश व एपी सेन कॉलेज के डॉ. अंशु केडिया भी मौजूद रहे।