लखनऊ विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालयों की बीए, बीएससी, बीकॉम केदूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 31 अगस्त से प्रस्तावित की गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से रविवार को इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया। परीक्षा में एक लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।
विवि प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, बीए दूसरे सेमेस्टर के लिए एंथ्रोपोलॉजी, स्टेटिसटिक्स, मैथ्स को छोड़कर अन्य विषयों की परीक्षाएं 31 अगस्त से 27 सितंबर तक सुबह नौ से 10.30 बजे तक होंगी। बीएससी दूसरे सेमेस्टर व बीए दूसरे सेमेस्टर (एंथ्रोपोलॉजी, स्टेटिसटिक्स, मैथ्स) की परीक्षाएं 31 अगस्त से 19 सितंबर तक और बीएससी होम साइंस, सीएनडी दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं सात सितंबर से 14 सितंबर तक दोपहर दो से 3:30 बजे तक कराई जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि बीकॉम दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं एक सितंबर से 14 सितंबर तक दोपहर दो से 3.30 बजे तक कराई जाएंगी। बीए एनईपी में 76913, बीकॉम एनईपी में 10665 व बीएससी एनईपी में 23,061 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बता दें कि इन परीक्षाओं का आयोजन लखनऊ के साथ ही चार नए जिलों रायबरेली, लखीमपुर खीरी, हरदोई व सीतापुर में भी किया जाएगा। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अब 24 तक भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म
लविवि व सहयुक्त महाविद्यालय के सम सेमेस्टर बीए, बीएससी, बीकॉम दूसरे व यूजी, पीजी, मैनेजमेंट, पीजी डिप्लोमा, बीएससी, एमएससी एग्रीकल्चर, बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड आदि कोर्सों के दूसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 24 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। विद्यार्थियों को इसके लिए कोई अलग से शुल्क नहीं देना है। जबकि कॉलेजों के विद्यार्थी परीक्षा शुल्क देंगे। विभाग व कॉलेजों को भरे हुए परीक्षा फॉर्म 25 अगस्त तक जमा करने होंगे।