तालाब की भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत से हुए विवाद के बाद एसडीएम अजय द्विवेदी तीन दिनों का अवकाश लेकर चले गए। एकाएक उनके छुट्टी पर चले जाने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
बताते चले कि क्षेत्र के चैला गांव में स्थित तालाब की भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत पर जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर मंगलवार को एसडीएम आईएएस प्रशिक्षु अजय कुमार द्विवेदी के आदेश पर राजस्व टीम उसे खाली कराने गए थे।
इसी बीच सूचना पर पहुंची भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत व एसडीएम के बीच काफी कहा सुनी हुई थी। जिसकी चर्चा क्षेत्र समेत पूरे जिले में आग की तरह फैल गई थी। घटना के दूसरे दिन एसडीएम अजय द्विवेदी छुट्टी लेकर चले गए। एकाएक एसडीएम के अवकाश पर जाने को इसीसे जोड़ कर देखा जा रहा है।
दरअसल, सांसद ने एसडीएम से बेहद सख्त भाषा में बात की थी। वो पहले भी अपने तेवरों को लेकर चर्चा में रही हैं। ट्रेनी आईएएस एसडीएम अजय कुमार द्विवेदी से भाजपा सांसद ने कहा था कि किसी की सुनते नहीं हो, तमीज नाम की कोई चीज है या नहीं। मै यहां खड़ी हूं, मेरी बात सुनने के बजाए मुंह घुमाके जा रहे हैं, दिमाग खराब है। अभी ट्रेनिंग पर हो सही से काम करो, जो अपना एटीट्यूट है, उसे अपने घर में दिखाना, यहां नहीं चलेगा। जनता का काम हम भी कर रहे हैं और आप को भी करना पड़ेगा। एसडीएम ने भी कहा कि जांच करा लें, मेरा दोष हो तो सजा दे देना। दोनों में काफी देर बहस होती रही। सांसद और एसडीएम के बीच हुए विवाद पर दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी सफाई दी थी।