फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उन्नाव रेप कांड: बीजेपी विधायक का एसएसपी आवास पर हाईवोल्टेज ड्रामा, समर्थकों ने की गुंडागर्दी

Thu, 12 Apr 2018 09:49 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
बीजेपी विधायक के समर्थक मीडिया से भिड़े - फोटो : ani
विज्ञापन
उन्नाव रेप कांड में आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने लखनऊ में एसएसपी कैंप ऑफिस पर जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया। दरअसल एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद विधायक सेंगर की गिरफ्तारी व आत्मसमर्पण की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।
विज्ञापन


विधायक रात 11:30 बजे समर्थकों के साथ एसएसपी की गैर मौजूदगी में एसएसपी कैंप ऑफिस पहुंचे। वहां मीडियाकर्मियों पर भड़क उठे। करीब 20 मिनट हंगामे के बाद वह लौट गए। मीडियाकर्मियों से हाथापाई कर रहे उनके समर्थकों को हजरतगंज पुलिस ने लाठी फटकार कर खदेड़ा। 

विधायक ने कहा कि एक अस्पताल में टीवी पर अपनी गिरफ्तारी की तैयारी की खबरें देख यहां पहुंचे हैं। किसी मामले में उनके खिलाफ एफआईआर है तो गिरफ्तार कर लिया जाए।
विज्ञापन


सेंगर ने कहा कि आप (मीडिया) जहां कहो वहीं चलें। आपके चैनल पर चलकर बैठें...। मैं चैनल के साथियों के कहने से यहां आया हूं। चैनल के साथी जहां कहेंगे वहां चलूंगा...। नमस्ते...। इसी दौरान उनके समर्थकों ने मीडियाकर्मियों से हाथापाई और गाली-गलौज शुरू कर दी।

उन्नाव पुलिस को भी दोषी माना, एसपी पर गाज संभव

सूत्रों की मानें तो एसआईटी की रिपोर्ट में आरोपी विधायक के भाई के अलावा उन्नाव पुलिस को भी दोषी माना गया है। रिपोर्ट में वहां की एसपी पुष्पांजलि को भी हटाने की संस्तुति किए जाने की बात की जा रही है। पुलिस अफसरों पर कदम-कदम पर लापरवाही बरतने का जिक्र किया गया है।

भाजपा भी सेंगर पर कर सकती है कार्रवाई

किशोरी से बलात्कार के आरोप में घिरे भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर पार्टी भी कार्रवाई कर सकती है। संगठन की तरफ से हालांकि अभी अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन माना जा रहा है कि एसआईटी जांच में दोषी बताए जाने के बाद सेंगर पर पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। उन्हें निलंबित किया जा सकता है।

मालूम हो कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की थी। इसके मद्देनजर डीजीपी ने एसआईटी गठित कर उन्नाव भेजा था। यह टीम बुधवार को उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में स्थित पीड़िता के घर पहुंची। वहां दो घंटे से भी ज्यादा समय तक पीड़िता व उसके परिवारीजनों से बात की।
विज्ञापन

rape victim - फोटो : amar ujala
विधायक पक्ष के भी पांच लोगों से पूछताछ की गई। एसआईटी ने उन्नाव के डीएम व एसपी से अलग से मीटिंग कर जानकारी ली। अपनी जांच पूरी कर बुधवार देर शाम एसआईटी की टीम लखनऊ लौटकर अपनी रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह को सौंप दी थी।

इसके बाद देर रात डीजीपी ओपी सिंह ने प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार को रिपोर्ट दी। प्रमुख सचिव गृह ने भी देर सीएम आवास पहुंचकर रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है।

स्वाति मालीवाल ने मुख्य न्यायाधीश को लिखा पत्र

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस हिरासत में पीड़िता के पिता की मौत के मामले में पीड़ित परिवार के साथ पुलिस और प्रशासन के ज्यादतियां करने का आरोप लगाया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें