लखनऊ। सहरी लेने जा रहे स्कूटी सवार सैफ अब्बास (24) की वजीरगंज में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उनके दोस्त जामिन की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया है।
सैफ अब्बास पुताई मजदूर थे और ठाकुरगंज के हुसैनाबाद गेंदखाना में परिवार के साथ रहते थे। मृतक के छोटे भाई शानू के मुताबिक रविवार देर रात 1:30 बजे सैफ दोस्त जामिन के साथ स्कूटी से सहरी लेने मौलवीगंज गए थे। स्कूटी सैफ बिना हेलमेट चला रहे थे। रफ्तार भी काफी तेज थी। रकाबगंज पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी स्कूटी से सैफ की स्कूटी टकरा गई।
हादसे में सैफ व जामिन गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी स्कूटी का चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घायलों को बलरामपुर अस्पताल ले गई। वहां सैफ की मौत हो गई। सैफ तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता सलीम की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मां नसरीन घरों में काम करती हैं।